
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा तहसील कार्यालय में नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार नितिन झोड़ को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम भिलाड़िया कला में विगत एक माह से डेंगू का प्रकोप लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में अब तक लगभग 4 लोगों की मृत्यु डेंगू के चलते हो चुकी है। वहीं एक दर्जन से अधिक ग्रामीण विभिन्न निजी अस्पतालों में उपचार कराने को मजबूर हैं।
नगर कांग्रेस ने गांव में लगातार फैल रही बीमारी और मौतों को लेकर स्वास्थ्य विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि यदि समय रहते प्रभावी स्वास्थ्य व्यवस्था, नियमित जांच, मच्छर नियंत्रण के लिए दवाइयों का छिड़काव, साफ-सफाई और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जातीं, तो संभवतः स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि आखिर भिलाड़िया कला में हुई इन मौतों की जिम्मेदारी किसकी है? क्या स्वास्थ्य विभाग को गांव में फैल रहे संक्रमण की जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी तो समय रहते प्रभावी रोकथाम के प्रयास क्यों नहीं किए गए? क्या संबंधित अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का उचित निर्वहन किया?
नगर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही यदि स्वास्थ्य विभाग या प्रशासन के किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जवाबदेह ठहराते हुए उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।
ये की गई मांग…..
1. ग्राम भिलाड़िया कला में डेंगू से हुई सभी कथित मौतों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा प्रत्येक मृतक की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए।
2. पिछले एक माह में स्वास्थ्य विभाग एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों की जांच कराई जाए तथा लापरवाही की समयावधि और जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान की जाए।
3. यदि जांच में स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायत अथवा अन्य संबंधित अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
4. गांव में तत्काल विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर प्रत्येक परिवार के सदस्यों की जांच कराई जाए तथा डेंगू से पीड़ित मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
5. गांव में नियमित फॉगिंग, दवाइयों का छिड़काव, जलभराव की सफाई एवं मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
6. मृतकों के परिजनों को शासन के नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
7. पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से…
स्वदेश शर्मा नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी; हैरिसन स्वामी नगर अध्यक्ष युवक कांग्रेस; कृष्णकांत मानिक नगर अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल,सावन यादव, मो.फारूक, दीपक गोस्वामी, आकाश दर, समीउल्लाह शाह, रामबाबू बैरागी, अभिषेक सल्लाम आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

