
नर्मदापुरम / पुलिस अधीक्षक जिला दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सिवनी मालवा महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पाण्डेय के नेतृत्व में थाना सिवनी मालवा पुलिस द्वारा खेत में बने मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण एवं पुलिस कार्यवाही –
दिनांक 14-15.11.2026 की दरम्यानी रात्रि करीब 01:00 बजे ग्राम भमेड़ी स्थित फरियादी संजीवन रघुवंशी पिता रामविलास उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम भमेड़ी के खेत में बने मकान से अज्ञात चोर द्वारा लगभग 14 वर्ष पुराना CME कंपनी के इंजन का अल्टरनेटर, एमराम कंपनी की बैटरी, एक सीलिंग फैन एवं एक डीटीएच का रिसीवर चोरी कर लिया गया था। घटना के संबंध में फरियादी द्वारा थाना सिवनी मालवा उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 844/26, धारा 305(A), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में अज्ञात आरोपी एवं चोरी गए मश्रुका की तलाश के दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ पिता रामप्रसाद कुशवाह उम्र 19 वर्ष निवासी शहीद पटेल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 10, सिवनी मालवा बताया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राज केवट के साथ मिलकर दिनांक 15.11.2026 की रात्रि में मोटरसाइकिल से ग्राम भमेड़ी स्थित खेत-मकान में घुसकर इंजन का अल्टरनेटर, एमराम कंपनी की बैटरी, एक सीलिंग फैन एवं डीटीएच रिसीवर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी किया गया सामान मोटरसाइकिल से ले जाकर रास्ते में आपस में बांट लिया था।
आरोपी सौरभ की निशानदेही पर पुलिस द्वारा एक टूटा-फूटा अल्टरनेटर, लगभग एक किलोग्राम तांबे का तार एवं एक पंखा जप्त किया गया। घटना में शामिल दूसरे आरोपी राज केवट की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम –
1. सौरभ पिता रामप्रसाद कुशवाह उम्र 19 वर्ष निवासी शहीद पटेल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 10, सिवनी मालवा।
फरार आरोपी –
1. राज केवट, निवासी सिवनी मालवा।
जप्त मश्रुका का विवरण –
1. एक टूटा-फूटा अल्टरनेटर, अनुमानित कीमत 35,000 रुपये।
2. लगभग एक किलोग्राम तांबे का तार, अनुमानित कीमत 1,000 रुपये।
3. एक पंखा, अनुमानित कीमत 2,000 रुपये।
कुल जप्त मश्रुका की अनुमानित कीमत 38,000 रुपये।
सराहनीय भूमिका –
उक्त चोरी की घटना का खुलासा करने एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन पाण्डेय के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मनीष, आरक्षक अर्जुन गुर्जर, आरक्षक प्रदीप सायवर एवं आरक्षक दीपेश सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

