

नर्मदापुरम / शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी मालवा में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ‘यशस्वी युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी और विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने युवाओं से सीधा संवाद किया तथा उनके विचारों, अनुभवों, सुझावों और उपलब्धियों को सुना।
संवाद के दौरान युवाओं ने रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, शिक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। सांसद और विधायक ने युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने, नई संभावनाओं को तलाशने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और क्षमताओं को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित इस संवाद का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और उनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों को शासन तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मृगेंद्र सिंह मंडलोई, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेंद्र गौर, विधानसभा प्रभारी रघुवीर राजपूत, यशवंत पटेल, शंभू सिंह भाटी, देवीदयाल यादव, रामजीवन साध , राजेंद्र पालीवाल, योगेंद्र राजपूत , जितेंद्र चौहान, नीरज तिवारी, सुनील गौर एवं सत्यनारायण लोवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

