
नर्मदापुरम / संकष्ट चतुर्थी (जिसे संकष्टी चतुर्थी या सकट चौथ भी कहा जाता है) भगवान गणेश को समर्पित एक पवित्र व्रत और पर्व है, जो हिंदू पंचांग के अनुसार हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। “संकष्टी” का अर्थ है संकटों या कठिन समय से मुक्ति।
महत्व….
====
• विघ्न निवारण: मान्यता है कि इस दिन व्रत और भगवान गणेश की पूजा करने से जीवन की बाधाएँ, कष्ट और परेशानियाँ दूर होती हैं।
• सुख-समृद्धि व बुद्धि: भक्त ज्ञान, विवेक, स्वास्थ्य, धन और परिवार के सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखते हैं।
• विशेष संयोग: यदि यह चतुर्थी मंगलवार को आती है, तो इसे अंगारकी चतुर्थी कहा जाता है, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है।
• व्रत का नियम: श्रद्धालु दिनभर उपवास रखते हैं और रात में चंद्रमा के दर्शन व अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खोलते हैं।
कथा….
======
एक प्रचलित पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के विवाह की बारात में अन्य देवताओं को आमंत्रित किया गया, लेकिन भगवान गणेश को न्योता और सम्मान नहीं मिला। बारात आगे बढ़ी तो गणेशजी की मूषक सेना ने धरती को पोली कर दिया, जिससे बारात के रथों के पहिए धंस गए और टूट गए।
जब कारण समझ आया और नंदी ने गणेशजी का पूजन किया तथा एक खाती ने ‘श्री गणेशाय नमः’ कहकर पहिए जोड़े, तब रथ आगे बढ़े और विवाह संपन्न हुआ। तभी से यह मान्यता है कि किसी भी शुभ कार्य या संकट के समय गणेशजी का स्मरण और पूजन करने से विघ्न दूर होते हैं। (संकलन – प्रीति चौहान)

