
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में संविधान दिवस पर न्यायालय परिसर में न्यायाधीश सुश्री अंजली अग्रवाल ने संविधान की अधिवक्ताओं, न्यायालय कमियों ओर पक्षकारो को शपथ दिलाई। इस अवसर पर न्यायाधीश सुश्री अग्रवाल ने कहा कि हमारे देश में प्रति वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है, क्योंकि आज ही के दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसे राष्ट्रीय कानून दिवस भी कहा जाता है। भारत सरकार ने डॉ. बी. आर. आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2015 में इसे आधिकारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया था। न्यायाधीश अग्रवाल ने बताया कि संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत (अपनाया) गया था, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। जिसे गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन नागरिकों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों की याद दिलाता है। यह मौलिक अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाता है। न्यायाधीश सुश्री सरोज डेहरिया ने इस अवसर पर कहा कि इस दिन स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में प्रस्तावना का पाठ, निबंध प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संविधान दिवस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों के प्रति नागरिकों का विश्वास और जुड़ाव मजबूत करता है।
न्यायाधीश सुश्री डेहरिया ने कहा कि यह दिन प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. आंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों के योगदान व दूरदृष्टि का सम्मान करता है, जिन्होंने 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन में संविधान तैयार किया। यह विविधता में एकता, सामाजिक न्याय और भेदभाव रहित समाज के निर्माण के आदर्शों को आगे बढ़ाता है। इस शपथ कार्यक्रम मे अधिवक्ता गण, न्यायालय के कर्मचारी गण ओर पक्षकार उपस्थित रहे।

