

नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा के पितृपुरूष पं. दीनदयाल उपाध्याय, भारत माता एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और संविधान किताब का पूजन कर भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के जीवन, विचारों एवं भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर का संविधान के प्रति गहन अध्ययन, उनकी दूरदर्शी सोच और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भावना ने भारत के लोकतांत्रिक स्वरूप को सशक्त आधार प्रदान किया।
डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि संविधान निर्माण में डॉ. अम्बेडकर का योगदान अतुलनीय है, लेकिन जिस सम्मान के वे हकदार थे, वह सम्मान तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व और नेहरू परिवार द्वारा उन्हें नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब डॉ. अम्बेडकर चुनाव मैदान में उतरे, तब कांग्रेस ने उनके विरुद्ध प्रत्याशी खड़े कर उन्हें पराजित करने का प्रयास किया। इतने विद्वान और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व के प्रति कांग्रेस का रवैया सम्मानजनक नहीं रहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान का दुरुपयोग करते हुए आपातकाल लगाया, जिसमें नागरिकों की स्वतंत्रता का हनन हुआ और लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंची। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में विशेष महत्व देते हुए संविधान और उसके निर्माता डॉ. अम्बेडकर को उचित सम्मान दिलाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री द्वारा संविधान को अपने मस्तक पर धारण कर सम्मान देना संविधान के प्रति उनकी श्रद्धा और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आज देशभर में बाबा साहेब के विचारों और योगदान को सम्मान के साथ याद किया जा रहा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि संविधान गौरव दिवस हमें संविधान निर्माता के योगदान और उनके आदर्शों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। बाबा साहेब ने समाज के सभी वर्गों, वंचितों और उपेक्षितों को समान अधिकार एवं अवसर दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया। उनका ज्ञान, अध्ययन और सामाजिक समरसता के प्रति दृष्टिकोण हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि डॉ. अम्बेडकर को सात भाषाओं का ज्ञान था, जो उनकी असाधारण विद्वत्ता को दर्शाता है।
जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना ने संविधान गौरव दिवस के अवसर पर प्रस्तावना रखी। इस अवसर पर जिला महामंत्री ज्योति चौरे, जिला उपाध्यक्ष राजेश गौर, जिला मंत्री रीता ठाकुर एवं नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष लोकेश तिवारी ने किया। अंत में नर्मदापुरम नगर मंडल अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम में मोनिका चौकसे, रामजीवन साध कुलदीप रघुवंशी, दिनेश चौधरी, सुरेश पटेल, रूपेश राजपूत, सुनील गौर, गोकुल पटेल, अभय वर्मा, सफलता तिवारी, चरणजीत सिंह, प्रशांत पालीवाल, कंचन चौकसे, सिमरन रैकवार, नयना सोनी, ज्योति रैकवार, ज्योति डेहरिया, संतोष मीना, हीरामणि भावसार नीरजा फौजदार, वंदना शर्मा, जयबाला निगम, बंटी परिहार, राहुल ठाकुर, नरेन्द्र तिवारी, राजेश रैकवार, चंदन साहा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

