
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित तथा अभ्युदय लोक सेवा संस्थान द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक गृह, सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नर्मदापुरम के निर्देशानुसार अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत छः दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को चतुर्थ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से वरिष्ठजनों के लिए ऋतुचर्या एवं मौसमी आवश्यकताओं के अनुरूप संतुलित और पौष्टिक आहार तथा स्वस्थ दिनचर्या विषय पर आयोजित किया गया। इसमें स्वास्थ्य एवं पोषण विशेषज्ञों ने बुजुर्गों को स्वस्थ रहने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी मनमोहन अग्रवाल एवं विशेष अतिथि डॉ. पूजा नागर (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र न्यूट्रिशन), डॉ. सपना मंडलोई (होम्योपैथिक न्यूट्रिशन), डॉ. महेश शर्मा, डॉ. आरती रघुवंशी (आयुष विभाग चिकित्सक), डॉ. वैशाली लौवंशी (आयुष न्यूट्रिशन), रमेशचंद्र रघुवंशी, राजा तिवारी (नगर अध्यक्ष, सेवा भारती सिवनी मालवा), ईश्वर विश्नोई (परामर्शदाता, APHC), पत्रकार चंद्रशेखर बाथव एवं नीरज यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
संस्था प्रमुख संदीप विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि का पुष्पमाला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। वहीं अन्य अतिथियों का स्वागत संस्थान के कर्मचारियों द्वारा पुष्पमाला एवं स्मृति चिह्न देकर किया गया। इसके पश्चात संस्था प्रमुख ने अतिथियों को संस्थान एवं परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों और आयोजनों की जानकारी दी।
इस अवसर पर डॉ. सपना मंडलोई ने वरिष्ठजनों को शीत ऋतु में विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए गर्म कपड़े पहनने, पर्याप्त नींद लेने, समय पर भोजन करने तथा अपनी दिनचर्या को नियमित रखने की बात कही।
डॉ. वैशाली लौवंशी ने आयुर्वेद के संदर्भ में भोजन के दौरान पानी का सीमित मात्रा में सेवन करने एवं पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने के संबंध में जानकारी दी।
डॉ. पूजा नागर ने शीत ऋतु में हरी एवं मौसमी सब्जियों को भोजन में शामिल करने तथा नियमित योगासन एवं शारीरिक गतिविधियां करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार और नियमित व्यायाम बुजुर्गों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि मनमोहन अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृद्धावस्था में नियमित योगासन, आवश्यकता के अनुरूप संतुलित भोजन, आत्मचिंतन, धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर आपसी चर्चा तथा ईश्वर का स्मरण जीवन को सकारात्मक और आनंदमय बनाते हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों को अपनी दिनचर्या सक्रिय एवं व्यवस्थित रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान होम्योपैथिक चिकित्सकों द्वारा उपस्थित वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां प्रदान की गईं। साथ ही होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति एवं उससे होने वाले शारीरिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के अधीक्षक श्याम वनकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

