
नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के विक्रय, संग्रहण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने जिले के सभी वृत्तों में एक साथ दबिश कार्रवाई की।
टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कुल 13 प्रकरण कायम किए। कार्रवाई में 63 बल्क लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 9 बल्क लीटर विदेशी मदिरा और 510 किलो लाहन बरामद किया गया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 70,600 रुपये आंकी गई है।
इसके साथ ही मदिरा दुकानों पर भी सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर 10 विभागीय प्रकरण कायम किए गए। कार्रवाई में जिले के सभी वृत्त प्रभारी, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षक और आरक्षकों की भूमिका रही। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

