
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय श्री अनिल परते ट्रॉफी इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-18 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला बैतूल एवं हरदा की टीमों के मध्य खेला गया। मुकाबले में हरदा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैतूल को पराजित कर जीत दर्ज की।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि मुकाबले में बैतूल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन हरदा के गेंदबाजों के अनुशासित और प्रभावशाली प्रदर्शन के सामने बैतूल की पूरी टीम 128 रनों पर सिमट गई। बैतूल की ओर से हिमांशु चढ़ोकार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 71 रन बनाए। उनके अतिरिक्त अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सके। हरदा की ओर से यथार्थ डूडी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट प्राप्त किए, जबकि हर्षित गौर ने 3 और गौतम ने 2 विकेट हासिल किए। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
इसके जवाब में हरदा की टीम ने सधी हुई शुरुआत करते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 164 रन बना लिए थे। इस दौरान ऋषभ राठौर ने शानदार बल्लेबाजी का परिचय देते हुए 55 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
मैच के दूसरे दिन हरदा के बल्लेबाजों ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया। ऋषभ राठौर ने अपनी उपयोगी पारी को 64 रनों तक पहुंचाया। उनके योगदान की बदौलत हरदा की टीम ने कुल 192 रन बनाए और ऑलआउट हो गई। इस प्रकार हरदा ने पहली पारी में बैतूल पर 64 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।
बैतूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए हिमांशु चढ़ोकार ने 3 विकेट प्राप्त किए। देवांशु चौहान ने 2 विकेट लिए, जबकि समर्थ चौहान, नील, ऐश्वर्य और विवेक को 1-1 विकेट मिला। एक विकेट रन आउट के रूप में प्राप्त हुआ।
इस मुकाबले में हरदा के यथार्थ डूडी ने गेंदबाजी में 4 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में भी 21 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अनुराग मिश्रा एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चौरे द्वारा यथार्थ डूडी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका के स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोहर बिलथरिया, चयनकर्ता शफीक खान, नीरज गौर, जयेश सिंह सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।
मैच में अंपायर की भूमिका आदित्य राजपूत एवं हरीश हनोतिया ने निभाई, जबकि स्कोरर का दायित्व श्री कुणाल पटेल ने संभाला।
प्रतियोगिता के माध्यम से संभाग के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है। इस प्रकार के आयोजन उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ भविष्य में उच्च स्तरीय क्रिकेट के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

