
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए नर्मदा एजुकेशन सोसायटी महाविद्यालय, नर्मदापुरम की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी कनकेश्वरी गहलोत एवं रागिनी पवार का चयन हुआ है। दोनों चयनित खिलाड़ी 25 से 26 नवंबर 2026 को रीवा में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया एवं भोपाल नर्मदापुरम संभाग फाइनल मैच जीत कर विजयी रहा ।
विशेष उपलब्धि यह भी है कि इन दोनों खिलाड़ियों का चयन बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल की ओर से आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। दोनों खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि शासकीय होम साइंस गर्ल्स कॉलेज, नर्मदापुरम में आयोजित संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हासिल की है।
महाविद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि इन दो खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से राज्य एवं विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के संचालक अरुण शर्मा, प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे, शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक रविशंकर मिश्रा, प्रवीण मीना, एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंबिका राजपूत सहित समस्त महाविद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
महाविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगी।

