
नर्मदापुरम / पुलिस मुख्यालय, भोपाल से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में गुरुवार दिनांक 26 नवंबर 2026 को ‘संविधान दिवस’ के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय नर्मदापुरम परिसर सहित जिले के समस्त थानों एवं इकाइयों में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन द्वारा उपस्थित कार्यालयीन स्टाफ एवं रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पदस्थ पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें न केवल मौलिक अधिकार प्रदान करता है, बल्कि नागरिकों के प्रति हमारे कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों का भी बोध कराता है। पुलिस बल के लिए संविधान के आदर्शों और नियमों का पालन करते हुए कानून का राज स्थापित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में सूबेदार ईशान रिछारिया सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं तथा रक्षित केंद्र में कार्यरत 100 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी प्रकार जिले के समस्त अनुभागों एवं थानों में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों में पदस्थ पुलिस बल को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिले भर में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के मूल्यों व आदर्शों को अक्षुण्ण रखने तथा समाज में शांति, सुरक्षा और न्याय व्यवस्था बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया।

