

नर्मदापुरम / शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय रीवा मध्यप्रदेश के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा दिनांक 25 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया।
प्रतियोगिता में भोपाल नर्मदापुरम संभाग कबड्डी टीम के कोच एवं टीम मैनेजर डॉ. धर्मेंद्र सिंह स्पोर्ट्स ऑफिसर शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय नर्मदापुरम द्वारा बताया गया कि इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 12 संभागों की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता नॉकआउट पद्धति पर खेली गई थी। जिसमें पहले दिन भोपाल ने खरगोन संभाग को हराते हुए सेमीफाइनल में अपना स्थान बनाया। सेमीफाइनल में भोपाल ने जबलपुर को एक तरफा मैच में 37- 15 से पराजित करते हुए फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। फाइनल मैच इंदौर संभाग से हुआ इस काफी कड़े मुकाबले में भोपाल संभाग की खिलाड़ियों ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन करते हुए विगत वर्ष की विजेता इंदौर को 36- 34 से पराजित कर प्रतियोगिता में विजेता बनी। भोपाल संभाग की गुड़िया शर्मा को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
महिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल नर्मदापुरम संभाग को विजेता बनने पर शासकीय गृह विज्ञान नर्मदापुरम के प्रभारी प्राचार्य डॉ. जी. सी. पांडे ने महाविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. धर्मेंद्र सिंह एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं प्रेषित की तथा अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए टीम का उत्साह वर्धन किया।

