



नर्मदापुरम / संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में राजनीति विज्ञान विभाग एव आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ को भारतीय संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. मेहरा ने छात्राओं एवं स्टाफ को संविधान की शपथ दिलाते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह समानता, न्याय, बंधुत्व और नागरिक कर्तव्यों की जीवंत प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने में युवाओं, विशेषकर छात्राओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के संचालक डॉ. शिरीष कुमार परसाई ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संवैधानिक मूल्यों की सार्थकता तभी है जब हम उन्हें अपने दैनिक आचरण, सामाजिक सरोकार और सेवा कार्यों में उतारें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक समाज के निर्माण के लिए शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। संविधान दिवस के इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के माध्यम से ग्राम सोनासांवरी में वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने कहा कि सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व संविधान की भावना से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण को संबल मिलता है तथा नशामुक्ति और टीबी उन्मूलन जैसी जनहितकारी पहलों में ग्रामीणों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण संभव है। शिविर के दौरान ग्रामवासियों को नशे से दूर रहने के प्रति जागरूक किया गया तथा टीबी उन्मूलन हेतु संचालित शासकीय योजनाओं और जांच-उपचार सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, कर्मचारी, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने संविधान की गरिमा, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

