

नर्मदापुरम / संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार 26 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर जबलपुर में वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के तहत भव्य संविधान रक्षा मार्च निकाला गया। संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ आयोजित इस मार्च में नर्मदापुरम जिले से मध्य प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जिला कांग्रेस प्रभारी संजय शर्मा तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता जबलपुर पहुंचे और आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाई।
मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की गरिमामय उपस्थिति रही। कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष चुनाव तथा नागरिकों के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद की।
नर्मदापुरम जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओ की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस का संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में है। जिला कांग्रेस प्रभारी संजय शर्मा एवं जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता जबलपुर पहुंचे और प्रदेशव्यापी अभियान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मध्य प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जिला कांग्रेस प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की रक्षा का संकल्प लेना आज देश की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और जनता के मताधिकार की सुरक्षा पर निर्भर करती है। कांग्रेस पार्टी जनता के वोट की ताकत, संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। जबलपुर में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में नर्मदापुरम जिले के कांग्रेसजनों की बड़ी भागीदारी संगठन की एकजुटता, जागरूकता और संघर्षशीलता का प्रतीक है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और न्याय की गारंटी है। वोट की ताकत ही लोकतंत्र की असली ताकत है और इस ताकत की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के माध्यम से कांग्रेस जनता के बीच लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का संदेश पहुंचा रही है। नर्मदापुरम जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह, एकजुटता और बड़ी संख्या में जबलपुर पहुंचकर सहभागिता की है, वह संगठन की मजबूती और कांग्रेस के प्रति कार्यकर्ताओं के समर्पण को दर्शाता है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है।
संविधान रक्षा मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने संविधान की रक्षा, लोकतंत्र की मजबूती, मतदाता अधिकारों के संरक्षण और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की मांग को प्रमुखता से उठाया। नर्मदापुरम जिले के कांग्रेसजनों की बड़ी उपस्थिति ने प्रदेश नेतृत्व के अभियान को मजबूती प्रदान की और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम के नेतृत्व में जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओ की जबलपुर में सक्रिय सहभागिता को संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

