
नर्मदापुरम / समाज में संवेदनशीलता और सेवा की एक सुंदर मिसाल पेश करते हुए डॉ. ऐनी बेसेंट विशेष विद्यालय आवासीय छात्रावास, मालाखेड़ी (नर्मदापुरम) में संस्था की वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती शेफालीका नाथ की 1 वर्षीय पोती ‘श्रीजी’ का पहला जन्मदिन संस्था के दिव्यांग (विशेष) बच्चों के साथ बेहद स्नेह और सादगी से मनाया गया। इस खास अवसर पर नन्ही श्रीजी के साथ विद्यालय व छात्रावास के बच्चों ने मिलकर केक काटा। केक काटने के बाद सभी दिव्यांग बच्चों को अपने हाथों से केक व मिठाइयां खिलाई गईं, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी की चमक बिखर गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह और अपनापन देखते ही बन रहा था। इस मौके पर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती शेफालीका नाथ ने कहा कि, “अपनी पारिवारिक खुशियों को इन विशेष बच्चों के साथ बांटने से जो आत्मिक संतोष मिलता है, उसकी तुलना किसी भी चीज से नहीं की जा सकती। श्रीजी के पहले जन्मदिन पर इन बच्चों का निश्छल प्रेम और मुस्कान ही उसके लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।” कार्यक्रम में संस्था की संचालिका श्रीमती आरती दत्त विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने भी नन्ही श्रीजी को अपना स्नेह व आशीर्वाद देते हुए परिवार के इस नेक कदम की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने श्रीजी के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय एवं छात्रावास का समस्त स्टाफ व अन्य सदस्यगण मौजूद रहे।

