

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना सिवनी मालवा पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों तथा कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा को प्रस्तुत ज्ञापन के संबंध में स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं उनके सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना सिवनी मालवा पुलिस द्वारा स्कूल बसों एवं स्कूल वैन की विशेष चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में संचालित विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान सीएम राइज स्कूल, संदीपनी विद्यालय, स्वामी दयानंद सरस्वती एकेडमी एवं चाइल्ड केयर एकेडमी की स्कूल बसों एवं वैन की जांच कर वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों एवं नियमों के पालन की पड़ताल की गई।
चेकिंग के दौरान आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर कुल 04 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा स्कूल संचालकों एवं वाहन चालकों को निर्देशित किया गया कि स्कूली बच्चों के परिवहन में उपयोग किए जाने वाले सभी वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण एवं वैध रखें तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
सिवनी मालवा पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे। साथ ही स्कूल संचालकों, वाहन चालकों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों के सुरक्षित परिवहन हेतु निर्धारित नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

