

सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / विकासखण्ड के ग्राम भिलाड़िया कलां में डेंगू ने गंभीर रूप ले लिया हैं। जानकारी के अनुसार, गांव में अब तक करीब 50 से 60 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि एक परिवार ने अपनी छोटी बहू को खो दिया। वही ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक 1 युवा सहित 3 लोग डेंगू का ग्रास बन चुके हैं। जबकि कई ग्रामीणों को सिवनी मालवा, इटारसी, नर्मदापुरम, हरदा और भोपाल के निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ा है। सिवनी मालवा के ही 1 निजी अस्पताल में भिलाड़िया के 4 लोगों को भर्ती कराया गया था। जिनमें डेंगू संक्रमण की पुष्टि की गई। वही 2 मरीजों को छुट्टी दे दी गई।
25 अक्टूबर को दी गई थी सिवनी मालवा सरकारी अस्पताल में खबर…
इस मामले में एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि उन्होंने 25 अक्टूबर को ही सिवनी मालवा स्वास्थ्य विभाग को ग्राम भिलाड़िया कलां में डेंगू फैलने की आशंका की जानकारी दे दी थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इसे गम्भीरता से नही लिया और लापरवाही करते हुए उनकी बात को गम्भीरता से नही लेते हुए अनदेखा कर दिया। जिसके बाद मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ती गई। जब इसकी जानकारी क्षेत्र के अखबार में लगी तो जिले के मलेरिया दल ने औपचारिकता दिखाते हुए भिलाड़िया कलां का दौरा कर गांव में धुंआ आदि कर इतिश्री कर ली लेकिन डेंगू जैसी जानलेवा बीमारी पर ध्यान नही दिया।
ग्राम भिलाड़िया कलां में डेंगू का प्रकोप…..
गांव में सबसे पहले 1 युवक की मौत डेंगू से हुई, फिर अन्य 2 लोगों की। जिसके बाद रोमिता दुबे नाम की एक बहू की मौत एक निजी अस्पताल में हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद भी सिवनी मालवा के स्वास्थ्य अधिकारी गांव ने डेंगू संक्रमण होने की बात सिरे से नकार रहें हैं।
स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही के आरोप…..
ग्राम भिलाड़िया कलां में डेंगू ने गंभीर रूप ले लिया है। जानकारी के अनुसार गांव में अब तक करीब 50 से 60 लोग डेंगू संक्रमित पाए जा चुके हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई ग्रामीणों को सिवनी मालवा, इटारसी, नर्मदापुरम, हरदा और भोपाल के निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ा हैं। लोगों का कहना हैं कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी आंख मूंदे बैठे हैं। उनका न तो मरीजों से कोई सरोकार हैं और न ही लापरवाह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से। डेंगू जैसे जानलेवा बीमारी से ग्रामीण अपनी जान तो गंवा ही रहें हैं। आर्थिक रूप से लाखों रुपए खर्च कर बदहाल हो रहें हैं। ऐसी स्थिति में अब लोगों ने आंदोलन का मन बना लिया हैं। जो स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन करने की बात कर रहें हैं।
पीड़ित और दुखी ग्रामीणों की प्रमुख मांगें…..
गांव में डेंगू संक्रमण की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से निम्नलिखित कदम उठाने की मांग की है।
गांव में तत्काल व्यापक स्तर पर डेंगू जांच अभियान चलाया जाए।
साफ-सफाई, लार्वा नियंत्रण और मच्छरों से बचाव के प्रभावी इंतजाम किए जाएं।
स्वास्थ्य विभाग की पूर्व की कार्यवाही और कथित लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ बीमारी का मामला नहीं, बल्कि लोगों के जीवन और प्रशासन की जवाबदेही का सवाल है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो अन्य परिवारों को भी ऐसी ही पीड़ा झेलनी पड़ सकती हैं।

