

नर्मदापुरम / बांद्राभान मेले में जनसुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सहायता हेतु तैनात होमगार्ड/SDERF की टीम ने मानवीय संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक सराहनीय कार्य किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेला ड्यूटी के दौरान संगम स्थल पर एक महिला प्रसव उपरांत अत्यंत असहाय अवस्था में मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए होमगार्ड/SDERF प्रभारी कंपनी कमांडर अमृता दीक्षित एवं शिवराज चौधरी के नेतृत्व में तैनात टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।
टीम के सदस्य दीवेश शर्मा, अजय यादव, प्रिया यादव, कर्मवीर, प्रेरणा एवं सिविल डिफेंस के विजेंद्र सरयाम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को स्ट्रेचर पर लिटाया और मेले में उमड़ी भारी भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके पश्चात महिला को नदी पार कराकर स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस तक पहुंचाया गया तथा चिकित्सकीय देखभाल हेतु स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द किया गया।
इस पूरे राहत कार्य में टीम ने आपसी समन्वय, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। मेले में जनसुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ जरूरतमंद महिला को समय पर सहायता उपलब्ध कराना टीम की संवेदनशीलता एवं समर्पण को दर्शाता है।
होमगार्ड/SDERF एवं सिविल डिफेंस की इस टीम का यह सराहनीय प्रयास मानव सेवा और कर्तव्यपरायणता की एक प्रेरणादायक मिसाल है।

