
नर्मदापुरम / सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, नर्मदापुरम की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को संभागायुक्त श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 11 मार्च 2026 की विगत बैठक के कार्यवाही विवरण एवं पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। सर्वोच्च न्यायालय के 17 नवंबर 2025 के आदेश के अनुपालन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में टाइगर रिजर्व के पर्यटन क्षेत्रों में मोबाइल फोन के उपयोग, रात्रिकालीन पर्यटन पर प्रतिबंध एवं वन्यप्राणी सुरक्षा के विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पचमढ़ी क्षेत्र में आयोजित होने वाले धार्मिक मेलों एवं बढ़ती पर्यटन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभावों पर भी चर्चा हुई।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की पर्यटन रणनीति, स्थानीय समुदायों की आजीविका एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। होटल एवं लॉज की गतिविधियों के नियमित अनुश्रवण तथा पर्यावरण अनुकूल पर्यटन व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्राप्त सुझावों एवं निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में क्षेत्र संचालक राखी नंदा, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, कलेक्टर नर्मदापुरम आशीष वशिष्ठ, कलेक्टर बैतूल, वनमंडल अधिकारी नर्मदापुरम, स्थानीय सलाहकार समिति के सदस्य एवं अन्य प्रशासनिक और वन विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

