
नर्मदापुरम / जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम में नेशनल न्यूबॉर्न वीक (राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह) मनाया गया। सिविल सर्जन डॉ. सुनीता कामले और शिशु रोग चिकित्सक आरएमओ डॉ. गजेंद्र यादव ने इस अवसर पर नवजात शिशुओं की माताओं एवं परिजनों को नवजात की बेहतर देखभाल के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में नवजात शिशुओं के उचित पोषण, स्तनपान के महत्व, कंगारू मदर केयर (KMC) तथा नवजात शिशुओं की श्रवण क्षमता की जांच (Hearing Test) के बारे में विस्तार से बताया गया।
माताओं को समझाया गया कि बच्चे को कंधे पर रखने से तोतला होने वाली बात केवल भ्रम है, लेकिन दूध पिलाने के बाद डकार नहीं दिलाई तो सांस अटक सकती है। जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करना, छह माह तक केवल मां का दूध देना तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही कम वजन एवं समय से पूर्व जन्मे शिशुओं के लिए कंगारू मदर केयर के महत्व की जानकारी दी गई। नवजात में सुनने की क्षमता से संबंधित समस्याओं की समय पर पहचान के लिए हियरिंग स्क्रीनिंग टेस्ट कराने के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित देखभाल के प्रति माताओं और परिजनों को जागरूक करना तथा शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान जिला अस्पताल के चिकित्सकगण एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।

