
नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के प्रक्षेत्र बाबई (माखननगर) में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की दिशा में नवाचार किया गया है। प्रक्षेत्र के 27 हेक्टेयर क्षेत्र में पहली बार कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत अनुदान पर प्राप्त ‘सुपर सीडर’ से गेहूं की बोनी सफलतापूर्वक की गई।
प्रक्षेत्र प्रबंधक ने बताया कि प्रक्षेत्र माखन नगर में क्षेत्रीय किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त एवं शुद्ध बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गेहूं की उन्नत किस्मों के ब्रीडर सीड से विधिवत बीज उत्पादन कार्यक्रम लिया जाता है। इस वर्ष सुपर सीडर के उपयोग से एक ही बार में खेत की जुताई, पिछली फसल के अवशेषों (नरवाई) को मिट्टी में मिलाने तथा गेहूं के बीज व खाद की बोनी का कार्य एक साथ संपन्न हुआ। इससे समय, डीजल और श्रम लागत में भारी बचत के साथ मिट्टी की उर्वरता में भी सुधार होगा।
प्रक्षेत्र प्रबंधक ने किसानों से अपील की है कि वे नरवाई में आग लगाने के बजाय शासन की अनुदान योजनाओं का लाभ उठाकर सुपर सीडर जैसे आधुनिक यंत्र अपनाएं। इच्छुक किसान प्रक्षेत्र बाबई आकर यंत्र की कार्यप्रणाली तथा ब्रीडर सीड से तैयार हो रही गेहूं की फसल का अवलोकन कर सकते हैं।

