
नर्मदापुरम / जिले में 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान प्रारंभ होगा। अभियान के सफल एवं सुचारू संचालन तथा जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पल्स पोलियो अभियान के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पृथक-पृथक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वयं के आवासीय परिसर वाली संस्थाओं, इंडस्ट्रियल एरिया तथा जिले में संचालित विभिन्न कंस्ट्रक्शन साइट्स पर विशेष ध्यान दिया जाए। इन सभी स्थानों पर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करते हुए कोई भी बच्चा अभियान से छूटने न पाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,51,212 बच्चों को चिन्हित किया गया है।
इन सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए वैक्सीनेटर एवं सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। अभियान 22 नवंबर से 24 नवंबर तक संचालित होगा। इसके अंतर्गत 22 नवंबर को निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 23 एवं 24 नवंबर को बूथ पर दवा पीने से छूटे हुए बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की प्रभावी निगरानी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन भी किया गया है।
कलेक्टर ने सीएमएचओ को पूरे अभियान की गहन मॉनिटरिंग करने तथा व्यवस्थित एवं प्रभावी कार्ययोजना के अनुसार सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के लिए सेक्टरवार कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जाए तथा सेक्टर अधिकारियों को उनके दायित्वों के अनुरूप सक्रिय कर अभियान की नियमित निगरानी की जाए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्व में चिन्हित किए गए बच्चों के अतिरिक्त ऐसे बच्चों की भी पहचान की जाए, जो किसी कारणवश सर्वेक्षण में शामिल नहीं हो पाए हैं तथा जिले के निर्धारित लक्ष्य से छूट गए हैं। इसके लिए सभी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए। अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

