

नर्मदापुरम / जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन
मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में किया गया। इस अवसर पर मूक अभिनय एवं मिमिक्री प्रतियोगिताओं की आयोजन में टीमों ने भाग लिया जिसमें शासकीय शहीद भगत सिंह महाविद्यालय, पिपरिया, शासकीय नर्मदा महाविद्यालय, नर्मदापुरम एवं शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय, नर्मदापुरम के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर ज्योत्सना खरे द्वारा बताया गया कि मूक अभिनय में पीएम श्री नर्मदा महाविद्यालय प्रथम एवं शहीद भगत सिंह महाविद्यालय पिपरिया द्वितीय स्थान पर रहा। मिमिक्री में शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय प्रथम एवं शासकीय नर्मदा महाविद्यालय द्वितीय स्थान पर रहा।
इस अवसर पर निर्णायक के रूप में रंगमंच कलाकार सफीक खान, लोकेश तिवारी, श्रीमती सीमा मीना एवं युवा उत्सव प्रभारी डॉ. ज्योति तिवारी अतिथि गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को महाविद्यालय द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा।

