

नर्मदापुरम / गुरुवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में कौमी एकता सप्ताह का भव्य आगाज करते हुए मातृत्व दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरुष दिवस का संयुक्त रूप से एक विशेष एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह संपूर्ण आयोजन संस्था के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संपन्न हुआ, जिसकी संयोजक श्रीमती प्रेमलता पाटिल एवं सुश्री तरुणा तिवारी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के समक्ष पुष्पार्पण से हुआ, जिसके पश्चात मंच संचालन संयोजक श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने संभाला।
इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय धर्म, हमारे देश के मानचित्र के महत्व और कौमी एकता की सार्थकता को अत्यंत व्यावहारिक एवं सरल ढंग से समझाया। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत ही उसकी विविधता में एकता है और हमें इस भावना को सदैव बनाए रखना है। इसी क्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा ने ‘अनेकता में एकता’ की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि हम सभी एकजुट और संगठित होकर आगे बढ़ें, तो निश्चित ही हर क्षेत्र में निपुण बन सकते हैं और राष्ट्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान संयोजक महोदया ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए महान समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर के जीवन का प्रेरक प्रसंग सुनाया तथा भोपाल शहर का जीवंत उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार भोपाल सांप्रदायिक सौहार्द और कौमी एकता की एक अनूठी मिसाल है। इसके साथ ही मातृत्व के सम्मान, माँ के निस्वार्थ त्याग और समाज निर्माण में पुरुषों की सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका पर भी सारगर्भित विचार रखे गए।
आयोजन के दौरान महाविद्यालय की बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्राओं ने भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसमें अंशिका सराठे, मीनाक्षी व्यवहार, प्राची अमोले, कनक कुरंगा, मिताक्षरा काकोरिया एवं तेजस्विनी विश्वकर्मा ने मातृत्व और कौमी एकता पर आधारित भावपूर्ण कविता पाठ एवं गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं दूसरी ओर समीक्षा मालवीय, सीतू तुमराम, सुहानी लोवंशी और तनीषा ने मातृत्व एवं कौमी एकता के विषयों पर आकर्षक और संदेशपरक पोस्टरों का निर्माण किया, जिनकी उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इन सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्राध्यापकों द्वारा विशेष रूप से सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। अंत में सभी स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय अखंडता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया तथा दूसरी संयोजक सुश्री तरुणा तिवारी द्वारा अतिथियों, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों के प्रति औपचारिक आभार व्यक्त करने के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

