
नर्मदापुरम / इटारसी में एमजीएम कॉलेज के सामने खुले नाले में सुनील मालवीय की दुखद मृत्यु के बाद नाले की सुरक्षा को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले अधिवक्ता एवं समाजसेवी सिद्धार्थ आर्य की मांग पर अब सकारात्मक पहल दिखाई देने लगी है। नगर पालिका द्वारा नाले को सुरक्षित करने एवं ढकने का कार्य प्रारंभ किया गया है।
उल्लेखनीय है कि अधिवक्ता सिद्धार्थ आर्य द्वारा पूर्व में एसडीएम इटारसी एवं संबंधित अधिकारियों को पत्र सौंपकर नाले की स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई थी। इस संबंध में संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, नर्मदापुरम द्वारा दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को पत्र क्रमांक 1608 जारी कर नियमानुसार कार्रवाई एवं पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए थे।
अधिवक्ता सिद्धार्थ आर्य ने एसडीएम इटारसी, संयुक्त संचालक एवं नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के विषय पर प्रशासन द्वारा कार्य प्रारंभ किया जाना सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नाले में हुई दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो, यही हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम का हम स्वागत करते हैं। साथ ही अपेक्षा करते हैं कि पूरे खुले नाले पर स्थायी एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।”

