
नर्मदापुरम / इटारसी में आंवला नवमी के पावन अवसर पर बुधवार 18 नवंबर को शहर के श्री द्वारिकाधीश बड़ा मंदिर में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन भक्ति को समर्पित पारंपरिक छप्पन भोग आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान द्वारिकाधीश के दर्शन किए और छप्पन भोग प्रसादी प्राप्त की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर से बाहर तक करीब एक किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर दर्शन किए और प्रसादी ग्रहण की।
मंदिर में छप्पन भोग आयोजन को लेकर 15 नवंबर से ही व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही थीं। बुधवार शाम 6 बजे विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजन किया गया। इसके बाद शाम 7 बजे से भगवान द्वारिकाधीश के अनूठे छप्पन भोग के दर्शन शुरू हुए। भगवान को पारंपरिक रूप से समर्पित छप्पन भोग के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शाम 7.30 बजे से छप्पन भोग प्रसादी का वितरण प्रारंभ हुआ, जो देर तक चलता रहा।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं में भगवान के दर्शन और प्रसादी प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों भक्तों की सहभागिता ने आंवला नवमी के पर्व को विशेष बना दिया।

