

नर्मदापुरम / प्रकृति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए सृष्टि सेवा संकल्प, नर्मदापुरम द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर एआईएम फॉर सेवा छात्रावास में वृक्षों के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लक्ष्मी पूजन के साथ वृक्षों का पूजन कर प्रकृति के प्रति सेवा, समर्पण एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान सृष्टि सेवकों ने छात्रावास परिसर में स्थित वृक्षों एवं उनके आसपास साफ-सफाई की। वृक्षों के समीप आकर्षक रंगोली सजाकर दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी के बीच प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बच्चों को दीपावली के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराते हुए बताया गया कि दीपावली का पर्व तीन युगों की महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़ा है। सतयुग में कार्तिक अमावस्या के दिन क्षीरसागर मंथन से धन, वैभव एवं समृद्धि की देवी माता महालक्ष्मी का प्राकट्य हुआ। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध कर उसकी कैद से 16 हजार कन्याओं को मुक्त कराया, जिसकी स्मृति में नरक चतुर्दशी मनाई जाती है। वहीं त्रेतायुग में भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के पश्चात माता सीता एवं भ्राता लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे, जिसके उपलक्ष्य में दीप जलाकर उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्रावास के सभी बच्चों को अतिथियों द्वारा स्वेटर वितरित किए गए। इसके पश्चात सभी ने बच्चों के साथ भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस आत्मीय आयोजन ने सेवा, स्नेह, अपनत्व एवं सामाजिक समरसता का भाव मजबूत करते हुए सार्थक दीपावली मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सृष्टि सेवक अमन गौर, नलिन पटेल, संदीप रावत, आशीष गुप्ता, हरिशंकर सोनी, भागीरथ सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर संदेश दिया गया कि दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि अपने जीवन में सेवा, संवेदना और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का दीप प्रज्वलित करने का भी अवसर है। वृक्षों की पूजा एवं उनके संरक्षण का संकल्प ही प्रकृति के प्रति सच्ची श्रद्धा और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की दिशा में सार्थक कदम है।

