
नर्मदापुरम / भोपाल / इटारसी के धरना किंग आंदोलनकारी नेता गजानंद तिवारी (गज्जू भैया) के नेतृत्व में आंदोलनकारी साथियों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, बस स्टैंड का मुद्दा प्रदेश स्तर पर उठाने को लेकर बनी रणनीति। इटारसी के पुराने बस स्टैंड को पुनः चालू कराने एवं आम जनता को हो रही परेशानियों के निराकरण की मांग को लेकर जारी आंदोलन अब प्रदेश स्तर पर पहुंच गया है। इसी सिलसिले में गजानंद तिवारी (गज्जू भैया), प्रदेश अध्यक्ष मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के नेतृत्व में आंदोलन से जुड़े साथियों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल से भोपाल में उनके निवास पर मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान इटारसी के पुराने बस स्टैंड को बंद किए जाने से आम नागरिकों, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों, मजदूरों, महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं बुजुर्गों को हो रही परेशानियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पुराने बस स्टैंड के बंद होने का असर केवल यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि शहर के व्यापार और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ रहा है।
इस जनसमस्या को प्रदेश स्तर पर प्रमुखता से उठाने के लिए बैठक में आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी की पहल पर प्रदेश महासचिव राजकुमार केलू उपाध्याय एवं कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष तथा पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने भोपाल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पुराने बस स्टैंड के मुद्दे को लेकर प्रेस वार्ता भी की। इस प्रकार इटारसी की जनता की आवाज को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुलाकात के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने 20 नवंबर को इटारसी आने की सहमति दी है। वे 20 नवंबर को सुबह 11:30 बजे ईश्वर रेस्टोरेंट, इटारसी में पत्रकार वार्ता करेंगे। पत्रकार वार्ता के पश्चात वे पुराने बस स्टैंड पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लेंगे और आंदोलन से जुड़े साथियों एवं स्थानीय लोगों से चर्चा करेंगे।
गजानंद तिवारी (गज्जू भैया) ने कहा कि पुराने बस स्टैंड का मुद्दा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि इटारसी की आम जनता के हित और सुविधा का मुद्दा है। इस लड़ाई में मजदूरों, किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की आवाज शामिल है। जब तक जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन से जुड़े सभी साथियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को साथ लेकर आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल की इस मुलाकात और प्रदेश स्तर पर लगातार हो रही पहल से पुराने बस स्टैंड का मुद्दा अब व्यापक स्तर पर उठाया जा रहा है। 20 नवंबर को मानक अग्रवाल की इटारसी में होने वाली पत्रकार वार्ता और पुराने बस स्टैंड के दौरे को इस आंदोलन की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भोपाल पहुंचे प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रूप से सेवा दल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी के साथ प्रदेश महासचिव राजकुमार केलु उपाध्याय, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र सिंह तोमर, सेवादल जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुश्री नेहा चावरे, वरिष्ठ कांग्रेसी प्रवीण गांधी, यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष शुभम बलिया सहित बस संचालक और व्यापारी भोपाल पहुंचे ।

