
नर्मदापुरम / 20 नवंबर 2026 देवउठनी ग्यारस पर बड़ी संख्या में सामूहिक विवाहों में बाल विवाह की संभावना को देखते हुए कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने जिला, विकासखंड और ग्राम/वार्ड स्तर पर निगरानी दल गठित करने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशानुसार जिला स्तरीय निगरानी दल के अध्यक्ष कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी होंगे। इसमें पुलिस अधीक्षक, सीईओ जिला पंचायत, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास (सदस्य सचिव), सीएमएचओ, जिला शिक्षा अधिकारी, जन अभियान परिषद, नेहरू युवा केंद्र, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड लाइन और सत्यार्थी फाउंडेशन के प्रतिनिधि सदस्य होंगे।
ब्लॉक स्तरीय दल के अध्यक्ष एसडीएम (राजस्व) होंगे, जिसमें एसडीओपी, सीईओ जनपद, तहसीलदार, बीएमओ, बीआरसी, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास (सचिव), जन अभियान परिषद, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक, पैरालीगल वॉलंटियर और स्वैच्छिक संगठन सदस्य होंगे।
ग्राम पंचायत/वार्ड स्तरीय दल के अध्यक्ष सरपंच/वार्ड पार्षद होंगे, जिसमें पंचायत सचिव, पटवारी, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, मातृ सहयोगिनी समिति, शौर्य दल और स्वसहायता समूह की महिलाएं सदस्य होंगी।

