
नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में जनजातीय गौरव दिवस एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर दो दिवसीय विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाषण, रंगोली, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिनमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना तथा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला गया। छात्राओं को बताया गया कि उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषण एवं अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान, एकता और स्वतंत्रता की भावना जागृत की। उनका जीवन आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला धार से प्रसारित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्राओं ने देखा तथा बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, त्याग और आत्मसम्मान का प्रतीक है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। डॉ. हरप्रीत रंधावा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता उत्पन्न करने के साथ जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शिरीष परसाई ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अपने अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और क्रांतिकारी विचारों से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उनका संघर्ष स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक न्याय, समानता और स्वाभिमान की स्थापना के लिए भी था।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में प्रभारी श्रीमती पूनम साहू, निबंध प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. संजय आर्य एवं अमन वर्मा, रंगोली प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. श्रद्धा जैन एवं अदिति पटेल तथा चित्रकला प्रतियोगिता की संयोजक तरुणा तिवारी एवं प्रिया कालोसिया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सह-प्रभारी श्रीमती हेमलता पाटिल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्राचार्य, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को देश के महान जनजातीय नायकों के योगदान से परिचित कराने के साथ उनमें राष्ट्रीय गौरव एवं सामाजिक चेतना का विकास करते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

