
नर्मदापुरम / लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हुआ। इस अवसर पर व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों ने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। छठ उत्सव समिति के सचिव प्रतीक पाठक ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आस्था का प्रतीक है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। यह पर्व हमें जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देता है कि जिस प्रकार डूबते सूर्य के बाद उसका पुनः उदय निश्चित है, उसी प्रकार जीवन में कठिनाइयों के बाद सुख और सफलता का नया सवेरा भी अवश्य आता है। यह पर्व हमें समान भाव से सभी का सम्मान करना और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करना सिखाता है।
इस अवसर पर प्रतीक पाठक, चंद्रभान सिंह, आनंद तिवारी, शशिकांत सिंह, अथर्व तिवारी, दिनेश चंद्र शर्मा, वैभव पाठक, कन्हैया यादव, गोपाल सिंह, सचिन तिवारी, संजय पाठक, यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा, शिवांशी, आदित्य, मयंक, निशु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
छठ महापर्व के समापन पर घाट पर भक्ति, उल्लास और उत्साह का वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए लोक आस्था के इस महापर्व को अगले वर्ष फिर से धूमधाम से मनाने का संकल्प लिया।

