
नर्मदापुरम / भिक्षावृत्ति की रोकथाम और इसमें लगे व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए नर्मदापुरम नगर में केंद्र संचालित करने की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा की मांग पर केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की स्माइल (SMILE) योजना में नर्मदापुरम नगर को शामिल किया गया है। इसके तहत केंद्र के संचालन के लिए जिला सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है।
केंद्र संचालन के लिए मांगे गए प्रस्ताव…..
विभाग ने 5 नवंबर 2026 को निविदा विज्ञापन क्रमांक 357 जारी किया। आवेदन प्रारूप में इच्छुक संस्थाओं से भिक्षावृत्ति, आश्रय गृह या पुनर्वास के क्षेत्र में तीन वर्ष के अनुभव का प्रमाण और केंद्र संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना व परियोजना प्रस्ताव (DPR) मांगा गया है।
स्वास्थ्य सहायता, परामर्श और कौशल प्रशिक्षण पर जोर….
स्माइल योजना के तहत भिक्षावृत्ति में लगे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने का प्रावधान है। इसमें स्वास्थ्य सेवाएं, परामर्श, शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण जैसी सहायता शामिल है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्तियों को आजीविका के अवसरों से जोड़ना और सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ने में मदद करना है।
विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा का आभार…..
नर्मदापुरम नगर में पुनर्वास केंद्र की जरूरत को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने और नगर को स्माइल योजना से जोड़ने की पहल के लिए विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा का हार्दिक आभार। निविदा प्रक्रिया शुरू होने से नगर में जरूरतमंदों को स्थानीय स्तर पर पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठा है।

