

नर्मदापुरम / उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री पूजा गोस्वामी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छात्राओं द्वारा आदिवासी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ हर्षा चचाने, डॉ. रागिनी सिकरवार, डॉ. विजया देवास्कर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, लोककला एवं गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया गया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान एवं देश के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में सानिया, कंचन, रोशनी ओझा, रोशनी बारस्कर, दिशा पटेल, रोशनी कास्दे, उमा पारते एवं रवीना धुर्वे ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वहीं बाल संरक्षण क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बाल संरक्षण सप्ताह (14 से 20 नवंबर) के अंतर्गत मानव शृंखला का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता करते हुए बाल अधिकारों की रक्षा, बाल श्रम की रोकथाम, बाल विवाह एवं बच्चों के प्रति होने वाले शोषण के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। मानव शृंखला के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित, संरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण प्रदान करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार ने छात्राओं को जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा बाल अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में जनजातीय संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा बाल अधिकारों, बाल सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना है।

