


नर्मदापुरम / बुधनी / मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र में गुंडो के आतंक से रहिवासियों में भाय का माहौल। भैरूंदा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में विगत कुछ समय से कुछ असामाजिक एवं अराजक तत्वों द्वारा कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए भय एवं अशांति का वातावरण निर्मित किया जा रहा है। ऐसी घटनाओं से नगरवासियों में असुरक्षा एवं आक्रोश व्याप्त है।
इसी क्रम में विगत दिवस वार्ड क्रमांक 14. शास्त्री कॉलोनी में दीपक शर्मा एवं विशाल पवार के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा लाठी डंडों से मारपीट की गई। साथ ही अपहरण का प्रयास एवं हथियारों से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना में दोनों व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट से भी होती है।
हैरानी का विषय यह है कि घटना से संबंधित तथ्यों मेडिकल रिपोर्ट एवं उपलब्ध वीडियोग्राफी के बावजूद अब तक आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी नहीं होने से आम नागरिकों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष व्याप्त है। वहीं दीपक शर्मा एवं विशाल पवार के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रकरण में एट्रोसिटी एक्ट लगाए जाने के संबंध में भी निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है, ताकि कानून का किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।
नगरवासियों का यह भी कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं की जानकारी नगर एवं आसपास के विभिन्न ग्रामों से लगातार सामने आ रही है। यदि समय रहते इन पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
हम समस्त नगरवासी ब्राह्मण समाज एवं कलोता समाज के प्रतिनिधि ने मांग की हैं कि दीपक शर्मा एवं विशाल पवार के साथ हुई मारपीट अपहरण के प्रयास एवं हथियारों से हमले की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
घटनास्थल की वीडियोग्राफी मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
जांच में दोषी पाए जाने वाले आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

