
नर्मदापुरम / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की ऐतिहासिक शुरुआत की। यह जनजातीय समाज के नायकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। इस कार्यक्रम को लेकर जिला मुख्यालय पर नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह का कार्यक्रम 11 से 18 नवम्बर तक मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 15 नवम्बर को आयोजित होगा। कार्यक्रम के तहत जिले में सांस्कृतिक जुलूस निकाला जाएगा। यह पूरा आयोजन जनजातीय अस्मिता, लोक-कला, संस्कृति और समग्र विकास पर केन्द्रित रहेगा। डॉ. शर्मा ने कहा कि आयोजन को गरिमा और संदेश को जन जन तक पहुँचाने के लिए प्रमुख समाचार पत्रों, डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जी ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश, समाज और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने अंग्रेजों के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज में स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की अलख जगाई। प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री मुकेश चंद्र मैना, ज्योति चौरे, पीयूष शर्मा, महेंद्र यादव, जिला मंत्री रीता ठाकुर, कार्यालय मंत्री प्रशांत दीक्षित, सह कार्यालय मंत्री वंदना दुबे, मंडल अध्यक्ष सागर शिवहरे। कार्यक्रम का संचालन अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल प्रधान एवं आभार जिला उपाध्यक्ष लोकेश तिवारी ने माना।
कार्यक्रम…..
13 नवम्बर जिला बैठक – जिला स्तर पर बैठकों के माध्यम से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
14 नवंबर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्जवलन – भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के पूर्व संध्या पर जनजातीय प्रतिमाओं और देव स्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
15 नवबंर सांस्कृतिक कार्यक्रम – जनजातीय नायकों के योगदान पर आधारित सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम होंगे। इनमें जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
16 और 17 नवंबर युवा संवाद – जनजातीय छात्रावास में युवाओं के साथ सीधा संवाद एवं संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास महापुरुषों के योगदान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
18 से 20 नवंबर गौरव चौपाल – जनजातीय विकास खंडों के चयनित ग्रामों में ‘जनजातीय गौरव चौपाल’ आयोजित की जाएंगी। इनमें जनजातीय समाज के वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और समाज के प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे। इन चौपालों के माध्यम से समाज की उपलब्धियों, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।

