

नर्मदापुरम / अवैध एवं अमानक शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित” करने हेतु दिनांक 12/11/26 को जिला दण्डाधिकारी आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के द्वारा एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों को संयुक्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। जिला दण्डाधिकारी नर्मदापुरम एवं पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के उक्त निर्देश के परिप्रेक्ष्य में आज दिनांक 13/11/26 को पुलिस विभाग, राजस्व विभाग एवं आबकारी विभाग की संयुक्त कार्यवाही ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध एवं अमानक शराब के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही हेतु संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नर्मदापुरम पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के चिन्हित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस संपूर्ण अभियान के तहत थाना कोतवाली, थाना सोहागपुर, थाना देहात, थाना इटारसी, थाना स्टेशन रोड पिपरिया, थाना माखननगर, थाना बनखेड़ी एवं थाना सिवनी मालवा क्षेत्र के 21 हॉट स्पॉट क्षेत्रों में 106 से अधिक स्थानों पर दबिश देकर आबकारी अधिनियम के तहत कुल 42 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 445.5 लीटर अवैध शराब जब्त कर लगभग 6310 किलोग्राम महुआ लाहन एवं शराब बनाने की भट्टियों को नष्ट किया गया तथा सिवनी मालवा में अवैध निर्माणों पर अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही भी की गई। थाना वार की गई कार्यवाही के अंतर्गत थाना कोतवाली एवं आबकारी की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण के हॉट स्पॉट क्षेत्र सिकलीकर मोहल्ला एवं बालागंज में 24 से अधिक घरों में दबिश दी गई, जहाँ 05 प्रकरण तैयार कर 05 आरोपियों के कब्जे से 38 लीटर अवैध शराब तथा शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप व कुप्पे आदि सामग्री जब्त की गई और मौके पर लगभग 1300 किलोग्राम महुआ लाहन एवं भट्टियों को नष्ट किया गया। थाना सोहागपुर क्षेत्र के बंगाली कॉलोनी एवं टूराखापा (डूडाखापा) स्थित हॉट स्पॉट क्षेत्रों में 15 घरों में दबिश देकर 04 प्रकरणों में 04 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 25 लीटर अवैध शराब सहित शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप व कुप्पे जब्त किए गए तथा मौके पर लगभग 2500 किलोग्राम महुआ लाहन एवं भट्टियों को नष्ट किया गया। थाना देहात पुलिस एवं आबकारी टीम द्वारा अवैध शराब विक्रय के हॉट स्पॉट क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड मोहल्ला, आदर्श नगर एवं हरियाली तिराहा में 10 स्थानों पर दबिश देते हुए 04 प्रकरण पंजीबद्ध कर 04 आरोपियों के कब्जे से कुल 175 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसी प्रकार थाना इटारसी पुलिस द्वारा नाला मोहल्ला, गरीबी लाईन एवं झुग्गी न्यास कॉलोनी क्षेत्रों में दबिश देते हुए 08 प्रकरण पंजीबद्ध कर कुल 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 84.5 लीटर अवैध हाथभट्टी कच्ची शराब जब्त की गई तथा मौके पर लगभग 800 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। थाना स्टेशन रोड पिपरिया क्षेत्र के कुचबंदिया मोहल्ला में संयुक्त टीम द्वारा दबिश देकर लगभग 20 स्थानों पर सघन तलाशी ली गई। जहाँ आबकारी अधिनियम के तहत कुल 06 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए एवं मौके पर करीब 300 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। थाना माखननगर पुलिस एवं आबकारी की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण के हॉट स्पॉट क्षेत्र बागरा तवा, मानागाँव, दफाई मोहल्ला, कोटगांव, आवास कॉलोनी, ग्राम आरी एवं कुचबंदिया मोहल्ला के 15 घरों में दबिश देकर 08 प्रकरण तैयार कर 08 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से 48 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप तथा 08 कुप्पे जब्त किए गए व मौके पर लगभग 250 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 13 भट्टियों को नष्ट किया गया। इसके साथ ही थाना बनखेड़ी पुलिस बल द्वारा ग्राम पालिया पिपरिया स्थित हॉट स्पॉट क्षेत्र के 08 घरों में दबिश देकर 02 प्रकरण पंजीबद्ध कर 02 आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई तथा मौके पर लगभग 200 किलोग्राम महुआ लाहन, 02 भट्टियां एवं शराब बनाने के बर्तन, ड्रम, भट्टी के पाइप और कुप्पे नष्ट किए गए। वहीं थाना सिवनी मालवा क्षेत्र के कुचबंदिया मोहल्ला एवं दो पीपल बाबा कॉलोनी स्थित चिन्हित स्थानों पर एसडीएम, एसडीओपी एवं सीएमओ नगर पालिका की उपस्थिति में राजस्व, नगर पालिका, आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा 14 घरों में दबिश देकर 05 प्रकरण पंजीबद्ध कर 05 आरोपियों के कब्जे से कुल 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई तथा मौके पर लगभग 960 किलोग्राम महुआ लाहन, 08 भट्टियां, 80 ड्रम व शराब बनाने की अन्य सामग्री नष्ट की गई, साथ ही राजस्व टीम द्वारा अतिक्रमण की कार्यवाही करते हुए कुल 06 झोपड़े एवं 01 कच्चा मकान तोड़ा गया।

