

नर्मदापुरम / मैहर की धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से, मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा गुरुवार को मैहर में ‘मैहर इन्फ्लुएंसर मीट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन के विकास, प्रमुख धार्मिक स्थलों के प्रचार-प्रसार, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन सर्किट विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें वाराणसी, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सतना, सीधी, रीवा, पन्ना, दतिया, ओरछा, छतरपुर और मैहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 से अधिक इन्फ्लुएंसर्स ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे पंजीयन के साथ हुई, जिसके बाद 10:30 बजे परिचय सत्र आयोजित किया गया। सुबह 11:00 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ औपचारिक शुभारंभ हुआ और 11:10 बजे अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद, 11:30 बजे आयोजित पैनल चर्चा में सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, ‘आर्ट ईचौल’ (Art Echols) की संस्थापक अंबिका बेरी और मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सोशल मीडिया विभाग की एचओडी डॉ. नीलम रावत ने पर्यटन विकास के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के खजुराहो, पन्ना, बांधवगढ़, ओरछा, चित्रकूट, मैहर, मुकुंदपुर, सरसी, मार्कंडेय और अमरकंटक जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़कर एक व्यवस्थित पर्यटन सर्किट विकसित किया जाना चाहिए। इससे पर्यटकों को एक ही यात्रा में विभिन्न स्थलों के भ्रमण का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र में धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक धरोहरों की भरमार है; आवश्यकता बस इन स्थलों का बेहतर प्रचार-प्रसार करने और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने की है।
वहीं, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने ग्रामीण पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ शारदा धाम मैहर के आसपास एक बड़ी पर्यटन अर्थव्यवस्था विकसित होने की प्रबल संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए ‘होम-स्टे’ जैसी सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को भी क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान उन्होंने तामिया और चंदेरी जैसे सफल ग्रामीण पर्यटन स्थलों का भी उदाहरण दिया।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि विंध्य क्षेत्र में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। यदि यहाँ के प्रमुख स्थलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए, तो मैहर को न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में स्थापित किया जा सकता है। कार्यक्रम में एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार और पर्यटन प्रबंधक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

