
नर्मदापुरम / रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसान भाइयों के लिए कथित रूप से शराबी, गांजेड़ी और भंगेड़ी जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी में नाराजगी है। किसानों के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़े इस मुद्दे को लेकर मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान के आह्वान पर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन क़ल दोपहर 2.30 बजे आयोजित किया जा रहा है।
इस आंदोलन के तहत किसान कांग्रेस द्वारा मध्यप्रदेश के सभी भाजपा सांसदों के निवास स्थानों का घेराव किया जाएगा। इसी क्रम में कल नर्मदापुरम, नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नर्मदापुरम स्थित निवास का घेराव किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम भी किसान कांग्रेस के साथ सहभागिता करेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नर्मदापुरम स्थित निवास पर पहुंचकर घेराव कार्यक्रम में शामिल हों।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। दिन-रात मेहनत करके अन्न पैदा करने वाले किसानों के लिए शराबी, गंजेड़ी और भंगेड़ी जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना उनकी भावनाओं को आहत करने वाला है। अन्नदाता किसानों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। किसानों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान के आह्वान पर आयोजित इस प्रदेशव्यापी आंदोलन में कांग्रेस के सभी संगठन एकजुट होकर अपनी सहभागिता निभाएंगे। जिला कांग्रेस कमेटी नर्मदापुरम भी इस आंदोलन को समर्थन प्रदान करेगी।
शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने विशेष रूप से जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नगर कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, किसान कांग्रेस सहित कांग्रेस के सभी विभागों, प्रकोष्ठों, मंडलम एवं सेक्टर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे कल अधिक से अधिक संख्या में नर्मदापुरम पहुंचकर सांसद दर्शन सिंह चौधरी के निवास के घेराव कार्यक्रम में शामिल हों तथा किसान कांग्रेस के इस आंदोलन में अपना सहयोग प्रदान करें।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि किसानों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से किसानों की आवाज बुलंद करती रहेगी। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

