नर्मदापुरम / मां नर्मदा के पावन तट सेठानी घाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ के 46वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से लेकर देर शाम तक शक्तिपीठ परिसर गायत्री महामंत्र की गूंज और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। शहर के सैकड़ों गायत्री परिजनों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज कल्याण की कामना की।
प्रातः 6 बजे से शुरू हुआ अखंड जाप…
स्थापना दिवस की शुरुआत प्रातः ठीक 6:00 बजे गायत्री महामंत्र के अखंड जाप के साथ हुई। शक्तिपीठ के साधकों और शहर भर से आए परिजनों ने बारी-बारी से जाप में अपनी आहुति दी। दिन भर चले इस अखंड जाप के माध्यम से विश्व शांति, सद्बुद्धि और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
संध्याकालीन विशाल दीप महायज्ञ में जगमगाया परिसर….
कार्यक्रम की अगली कड़ी में संध्या बेला में विशाल दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया। सैकड़ों प्रज्वलित दीपकों की रोशनी से पूरा शक्तिपीठ परिसर जगमगा उठा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने दीप यज्ञ में भाग लिया और अपने जीवन से अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाने की कामना की।
गुरुदेव के अनुशासन पर चलने का लिया संकल्प….
दीप महायज्ञ के समापन अवसर पर सभी उपस्थित परिजनों ने युगऋषि परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के बताए मार्ग और अनुशासन पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गुरुदेव के विचार और गायत्री मंत्र की साधना ही व्यक्ति निर्माण से युग निर्माण का आधार है। परिजनों ने नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों को मिटाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में गायत्री शक्तिपीठ सेठानी घाट के युवा प्रकोष्ठ और महिला मंडल के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

