
नर्मदापुरम / शहर को स्वच्छता के शिखर पर ले जाने के लिए नगर पालिका ने कमर कस ली है। नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में शहर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का आगाज कर दिया गया है। इसका सीधा असर यह है कि अब सुबह आंख खुलते ही शहरवासियों को सड़कें पूरी तरह चकाचक और धूल-मुक्त नजर आ रही हैं।
प्रमुख चौराहों और बाजारों में चला विशेष अभियान….
स्वच्छता नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रिकालीन सफाई का यह सिलसिला अब निरंतर जारी रहेगा। अभियान के तहत बीते दो दिनों से सफाई मित्रों की टीम रात के सन्नाटे में शहर को संवारने में जुटी है। बुधवार रात को शहर के हृदय स्थल सतरस्ता, इंदिरा चौक, जयस्तंभ चौक और समूची मेन रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे का उठाव और झाड़ू लगाने का कार्य किया गया।
नर्मदा श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर लिया गया निर्णय…..
वर्तमान में पावन कार्तिक माह चल रहा है, जिसमें प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त में पुण्य सलिला मां नर्मदा के घाटों पर स्नान करने जाते हैं। श्रद्धालुओं को सुबह के समय स्वच्छ और पवित्र वातावरण मिले, इस उद्देश्य से नगर पालिका ने रात में ही मुख्य मार्गों को साफ करने की यह सराहनीय पहल शुरू की है।
नपाध्यक्ष और सीएमओ की अपील…..
नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं सीएमओ वैभव देशमुख ने शहर के समस्त नागरिकों और दुकानदारों से इस महाअभियान में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने अपील की है कि व्यापारी रात में दुकानें बंद करते समय कचरा सड़क पर न फेंकें, बल्कि निर्धारित डस्टबिन या कचरा गाड़ी में ही डालें ।

