

नर्मदापुरम / खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जिले का नाम रोशन करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम जिला खो-खो संघ की टीम 45वीं जूनियर राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। यह प्रतियोगिता 11 से 13 नवंबर तक जबलपुर में आयोजित की जा रही है, जिसमें नर्मदापुरम जिले की बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग लेंगी।
जिला खो-खो संघ के सचिव अश्विनी मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ के अध्यक्ष बशारत खान के मार्गदर्शन में जिले की टीम प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी। टीम कोच नीरज ठाकुर एवं श्याम मरावें के निर्देशन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की है। खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, जिला खो-खो संघ के उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार शर्मा ने बताया कि 45वीं जूनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। नर्मदापुरम जिले के खिलाड़ी भी पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मैदान में उतरेंगे।
जिला खो-खो संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि टीम प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर नर्मदापुरम जिले का गौरव बढ़ाएगी।

