
नर्मदापुरम / बुधनी / केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुधनी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया। दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों मिले इस सम्मान को लेने नगर परिषद अध्यक्ष और उनके पति पहुंचे, लेकिन जिस तत्कालीन सीएमओ संतोष रघुवंशी और उनकी टीम ने सालभर इस उपलब्धि के लिए दिन-रात मेहनत की, वे सम्मान समारोह में नजर नहीं आए।
विडंबना देखिए, शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों, नगर परिषद और शहरवासियों की सामूहिक मेहनत को दिया। बात भी सही है, लेकिन सवाल यह है कि जब सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है तो सम्मान के मंच पर यह सामूहिकता नजर क्यों नहीं आई? क्या अधिकारियों की मेहनत सिर्फ परिणाम हासिल करने तक सीमित है? क्या उन्हें सम्मान का हक नहीं? राजनीतिक प्रतिनिधित्व अपनी जगह है, लेकिन प्रशासनिक मेहनत की अनदेखी आखिर किस मानसिकता को बढ़ावा देती है? ऐसी परंपरा से ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा या टूटेगा ?
खैर जो भी हो, लेकिन एक बात यह भी स्पष्ट है कि जनता सब समझती है।

