
नर्मदापुरम / थाना सिवनी मालवा द्वारा नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपहृत नाबालि बालक बालिकाओं की त्वरित तलाश कर उन्हें सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना सिवनी मालवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय अपहृत बालक को मात्र 08 घंटे के भीतर खंडवा से सकुशल दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की।
घटना का विवरण एवं पुलिस कार्रवाई…..
फरियादी भीम सिंह पिता रामबिलास कीर, निवासी ग्राम आंवलीघाट, थाना सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम ने दिनांक 10.11.2026 को रात्रि लगभग 08:00 बजे थाना सिवनी मालवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 15 वर्षीय पुत्र घर से बिना बताए कहीं चला गया है। रिपोर्ट पर थाना सिवनी मालवा में अपराध क्रमांक 806/26, धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालक की तलाश प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाकर आवश्यक निर्देश प्राप्त कर पुलिस टीम ने बालक की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच-पड़ताल की। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया तथा तकनीकी सहायता से बालक की आवाजाही और उसके संभावित ठिकानों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।
पुलिस टीम ने जीआरपी खंडवा एवं आरपीएफ पुलिस से समन्वय स्थापित कर उनका सहयोग प्राप्त किया। पुलिस के सतत प्रयासों, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी सहायता एवं जीआरपी तथा आरपीएफ के सहयोग से अपहृत बालक को रात्रि में खंडवा से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात बालक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक नवीन पाण्डेय एवं उनकी टीम स उ नि विजय चौरे, आरक्षक आयुष शुक्ला एवं सायबर सेल के आरक्षक संदीप यदुवंशी की महत्व्पूर्ण भूमिका रही ।

