
नर्मदापुरम / भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह के पावन पर्व भाई दूज पर यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनूठी एवं भावनात्मक पहल की गई। इस पहल के तहत बहनों ने अपने भाइयों को स्वयं हेलमेट पहनाकर उनसे जीवनभर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का वचन लिया। यातायात पुलिस की इस पहल ने भाई दूज के पारंपरिक पर्व को सड़क सुरक्षा के एक सार्थक सामाजिक संदेश से जोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में संचालित विभिन्न जनजागरूकता अभियानों की श्रृंखला में आज उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री संतोष मिश्रा के नेतृत्व में भाई दूज के अवसर पर विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान इटारसी मार्ग पर भाई दूज मनाने के लिए दोपहिया वाहनों से जा रहे भाई-बहनों को रोककर उनसे आत्मीय संवाद किया गया तथा सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।
यातायात पुलिस द्वारा बहनों को बताया गया कि भाई दूज पर वे अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं। लेकिन भाई के प्रति प्रेम और उसकी लंबी उम्र की कामना तभी सार्थक होगी, जब उसकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। रक्षा का तिलक लगाने के साथ भाई को हेलमेट पहनाना भी उसकी सुरक्षा के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर हेलमेट के महत्व को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं तथा वाहन चालकों को समझाइश दी जाती है। इसके बावजूद अनेक लोग बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते हैं और अपनी जान जोखिम में डालते हैं। इसी चुनौती को देखते हुए यातायात पुलिस ने इस बार जागरूकता का एक अभिनव और भावनात्मक तरीका अपनाया। पुलिस की मंशा थी कि जिस बात को बार-बार समझाने के बाद भी कुछ लोग गंभीरता से नहीं अपना रहे हैं, संभव है कि बहन के प्रेम, विश्वास और उसके द्वारा लिए गए वचन का प्रभाव उनके व्यवहार में स्थायी बदलाव ला सके।
इसी सोच को साकार करते हुए अभियान के दौरान लगभग 20 बहनों से उनके भाइयों को यातायात पुलिस द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराए गए एवं हेलमेट स्वयं पहनवाए गए। साथ ही बहनों ने अपने भाइयों से वचन लिया कि वे भविष्य में कभी भी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन नहीं चलाएंगे। भाइयों ने भी अपनी बहनों के विश्वास को बनाए रखने और प्रत्येक यात्रा में हेलमेट पहनने का संकल्प लिया।
इस दौरान अनेक आत्मीय एवं भावुक क्षण देखने को मिले। बहनों ने अपने भाइयों को हेलमेट पहनाकर उनकी सुरक्षा के प्रति अपनी चिंता और स्नेह व्यक्त किया। इस अनूठी पहल के माध्यम से यातायात पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति और उसके परिवार से जुड़ा हुआ विषय है। अपनों का प्रेम और विश्वास भी यातायात नियमों के पालन के लिए एक मजबूत प्रेरणा बन सकता है।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक सूरज जमरा, सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र तिलोटिया एवं यातायात पुलिस का स्टाफ उपस्थित रहा।
यातायात पुलिस नर्मदापुरम की विशेष अपील……
यातायात पुलिस नर्मदापुरम ने भाई दूज के पावन अवसर पर सभी भाइयों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि अपनी बहनों और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा तथा अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सदैव यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा जल्दबाजी और लापरवाही से बचें।
बहन का प्यार और विश्वास अनमोल है। उसके द्वारा दिलाए गए सुरक्षा के वचन को केवल भाई दूज तक सीमित न रखें, बल्कि जीवनभर निभाएं। याद रखें, आपकी सुरक्षित वापसी ही आपकी बहन के लिए सबसे बड़ा उपहार और आपके परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी है।

