
नर्मदापुरम / स्थानीय बुधवाडा रोड स्थित श्रीरंग कॉलोनी में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का और छप्पन भोग अर्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह और समेरिटन्स ग्रुप आफ स्कूल के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष शर्मा ने पहुंचकर गिरिराज गोवर्धन जी की पूजा अर्चना की और प्रसादी ग्रहण की।
श्रीरंग कॉलोनी फेस 2 निवासी साहित्यकार पंडित प्रमोद शर्मा के निवास पर प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान गाय के गोबर से गोवर्धन धारी भगवान श्री कृष्ण का दिव्य विग्रह बनाया गया। भगवान को छप्पन भोग अर्पण किए गए और विधिवत पूजा अर्चना की गई। पूजन उपरांत सांसद श्रीमती नारोलिया एवं विधायक श्री सिंह ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी ग्रामीण संस्कृति, गो संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिकता का संदेश देता है। ऐसे त्योहारों को पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ आयोजित किया जाना चाहिए। डॉक्टर शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि आगामी वर्ष में इस उत्सव को भव्यता और रचनात्मकता के साथ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में श्री रंग कॉलोनी निवासी सम्मिलित हुए शादी ग्रहण करने के बाद शाम तक भजन कीर्तन का कार्यक्रम चला रहा।

