


नर्मदापुरम / सतना / मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर्व के अवसर पर भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचकर पवित्र मंदाकिनी नदी में किया दीपदान। मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश की सुख समृद्धि की कामना करते हुए मां मंदाकिनी की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम के सभी प्रमुख संतों का शाल श्रीफल और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया तथा उनसे प्रदेश की सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। समारोह में मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक फोरलेन सडक निर्माण का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों को दीपावली का उपहार और स्नेह प्रदान किया। समारोह के उपरांत मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए पीपा पुल का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज रूप चौदस का पावन दिन है हम सब दीपावली का पर्व हर्ष और उल्लास से मना रहे हैं। हमारे पर्व सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पहचान है। सरकार चित्रकूट सहित प्रदेश के विभिन्न धार्मिक स्थलों का सर्वांगीण विकास कर रही है ।उज्जैन के महाकाल लोक की तरह ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में भव्य बनवासी राम लोक का निर्माण किया जाएगा ।विदेश में पर्यटन की दृष्टि से स्थलों का विकास होता है हम तीर्थाटन के दृष्टि से अपने धार्मिक स्थलों का विकास कर रहे हैं। धार्मिक स्थल पर आने से हम सब के मनोभाव पावन हो जाते हैं। चित्रकूट में भगवान राम ने अपने वनवास काल के 11 वर्ष से अधिक का समय बिताया। यह भगवान राम की तपोभूमि है। भगवान कृष्ण ने मध्यप्रदेश के ही उज्जैन में गुरु ज्ञान प्राप्त किया। ओंकारेश्वर में जगतगुरु शंकराचार्य जी को उनके गुरु मिले और उन्हें ज्ञान प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। समारोह में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बगरू, सांसद गणेश सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष विजय यादव, दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, रीवा कमिशनर शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, कलेक्टर डॉ. सतीष कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी एवं सभी विभागों के अधिकारियों सहित बडी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

