

नर्मदापुरम / त्योहारों एवं उत्सवों के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गेहलोत ने जिलेवासियों से पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने तथा सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है।
सीएमएचओ डॉ. गेहलोत ने कहा कि नागरिक पटाखे केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही खरीदें और उन्हें सुरक्षित एवं ठंडे स्थान पर बच्चों की पहुंच से दूर रखें। पटाखे हमेशा खुले स्थान पर जलाएं तथा इस दौरान सूती कपड़े पहनें। बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें। रॉकेट को हाथ से न छोड़ें और फटे या नहीं चलने वाले पटाखों के पास तुरंत न जाएं।
उन्होंने नागरिकों से तेज आवाज वाले पटाखों के उपयोग से बचने की अपील करते हुए कहा कि आतिशबाजी के दौरान बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों और पालतू जानवरों का विशेष ध्यान रखें। पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए भी सभी नागरिक जिम्मेदारी से व्यवहार करें। आतिशबाजी के बाद हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोएं तथा बचे हुए पटाखों का सुरक्षित तरीके से निपटान करें।
अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाएं रखने के निर्देश…..
सीएमएचओ डॉ. गेहलोत ने सभी संस्था प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपनी-अपनी स्वास्थ्य संस्थाओं में बर्न यूनिट एवं आपातकालीन चिकित्सा इकाइयों को आवश्यक स्टाफ, दवाइयों और चिकित्सा सामग्री के साथ तैयार रखें। पटाखों से जलने अथवा अन्य दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पटाखों से जलने पर तत्काल करें प्राथमिक उपचार……
स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि पटाखों से जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को सामान्य तापमान के साफ बहते पानी से ठंडा करें। जले हुए स्थान पर तत्काल ठंडा पानी डालना प्राथमिक उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गंभीर रूप से जलने या आंख में चोट लगने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचें और चिकित्सकीय सहायता लें।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों की खुशियां मनाते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और सावधानी बरतकर स्वयं तथा अपने परिवार को दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखें।

