

नर्मदापुरम / दीपावली पर्व के दृष्टिगत आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने पिपरिया एवं सोहागपुर में संचालित अस्थाई पटाखा बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटाखा दुकानों एवं बाजार परिसर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अनुविभागीय अधिकारियों एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्थाई पटाखा बाजारों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाजार परिसर में नियमित साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने दुकानों के बाहर क्रमांक अंकित करने तथा प्रत्येक दुकान के सामने दुकान का नाम स्पष्ट रूप से लिखवाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बाजार परिसर में जहां आवश्यकता हो, वहां ग्राउंड का समतलीकरण कराने तथा धूल से बचाव के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार में आने वाले ग्राहकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी पटाखा दुकानदारों से अपनी-अपनी दुकानों में अनिवार्य रूप से अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) रखने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि पटाखा बाजारों के समीप फायर ब्रिगेड के वाहन आवश्यक रूप से तैनात रहें। साथ ही बाजार में दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी एवं आवागमन के लिए उचित स्थान रखा जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन वाहनों का आवागमन सुगमता से हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

