

नर्मदापुरम / सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होते ही नगर पालिका परिषद एक्शन मोड में आ गई। नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में नगर में युद्ध स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। दो दिनों से एकत्र कचरे के ढेरों को महज 12 घंटे के भीतर हटाकर शहर को पूरी तरह साफ-सुथरा बना दिया गया।
रातभर सड़कों पर डटे रहे अधिकारी…..
स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए सीएमओ वैभव देशमुख और स्वच्छता नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी अपनी टीम विशाल शर्मा, सतीष यादव के साथ देर रात तक मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर डटे रहे। रात करीब 1 बजे सतरस्ते, इंदिरा चौक और नेहरू पार्क सहित पूरे शहर का सघन भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
पॉइंट चिन्हित कर हटवाया गया कचरा….
सीएमओ श्री देशमुख ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहर में संवेदनशील और अत्यधिक कचरा वाले स्थानों को पॉइंट के रूप में चिन्हित किया गया था। सबसे पहले भारी कचरे वाले स्थलों की सफाई कराई गई। नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी के अनुसार दीपावली उत्सव के कारण निकले अतिरिक्त कचरे को उठाने के लिए जेसीबी, ट्रक और कचरा वाहनों की विशेष टीमें तैनात की गईं, जिससे सुबह होते-होते पूरा शहर साफ और सुंदर नजर आने लगा।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया कर्मचारियों का हौसला….
बाजार क्षेत्र में चल रहे अभियान का निरीक्षण करने श्री शर्मा, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव एवं स्थानीय वार्ड पार्षद राजेंद्र उपाध्याय इंदिरा चौक पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने देर रात मुस्तैदी से काम कर रहे सफाई कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनकी हौसला अफजाई की।

