

नर्मदापुर / इटारसी / दीपावली के पावन अवसर पर सिद्धार्थ आर्य वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘अर्पण’ अभियान के अंतर्गत इटारसी एसडीएम निलेश कुमार शर्मा ने संस्था कार्यालय पहुंचकर बच्चों एवं जरूरतमंद महिलाओं को अपने हाथों से कपड़े, साड़ियां एवं मिठाइयां वितरित कीं तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
अभियान के अंतर्गत न्यास कॉलोनी, पुरानी इटारसी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं केसला ब्लॉक में जरूरतमंद परिवारों तक वस्त्र एवं मिठाइयां पहुंचाई गईं।
इस अवसर पर एसडीएम श्री शर्मा ने बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए अभिभावकों से उन्हें नियमित विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने फाउंडेशन की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवियों के संयुक्त प्रयासों से ही शहर का समग्र विकास संभव है।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व पार्षद महेश आर्य ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए मिठाई वितरण किया।
फाउंडेशन के संस्थापक सिद्धार्थ आर्य ने एसडीएम श्री शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी अभियान निरंतर चलाएगी तथा प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा रखती है। इस अवसर पर उन्होंने श्री शर्मा को फाउंडेशन का सदस्यता प्रमाणपत्र भेंट कर उन्हें संस्था परिवार का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मयूर मालवीय, रुद्र सिंह परिहार, उमाम साहा, सुधांशु डागर, मानस किशोर यादव, संजय साहू, माही यादव, नीतेज भाट एवं सलमान, अभिषेक आर्य, मौसिन हैमद सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।

